“आप” विधायक नितिन त्यागी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल
देश में विपक्ष में वे लोग हैं जो अपनी भ्रष्टाचार छिपाने और अपनी लूट को बचाने के लिए एक दूसरे के साथ मिलकर काम कर रहे हैं – वीरेन्द्र सचदेवा
भ्रष्टाचार एवं लूट की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी के अपने ही लोग आज उनसे लगातार अलग हो रहे हैं आर पार्टी अपनी राजनीतिक पतन की ओर लगातार अग्रसर है – हर्ष मल्होत्रा
अन्ना हजारे का आंदोलन समाज के कल्याण के लिए था पर अरविंद केजरीवाल का आज का आंदोलन निजी स्वार्थ के लिए है – नितिन त्यागी
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और पूर्वी दिल्ली से सांसद एवं भारत सरकार में परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में आज लक्ष्मी नगर से पूर्व “आप” विधायक नितिन त्यागी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने शाहदरा जिला अध्यक्ष संजय गोयल उपस्थित में कहा की अन्य पार्टियों में लोग चुनाव पूर्व आते जाते हैं पर यह प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू है की भाजपा का चुनाव बाद भी परिवार विस्तार हो रहा है।
पूर्वी दिल्ली लोकसभा से आज भाजपा में शामिल होने वालों में लोकेश कौशिक, अवनीश त्यागी, सिद्धार्थ तोमर, शैलेन्द्र शर्मा, हेमन्त पालीवाल, सन्नी आर्या, विनित चौधरी, मनीष वत्स, डॉ वी एन गौड़, नौनील शर्मा, अनमोल नागपाल, रजनीश शर्मा, राहुल चौधरी सहित सैकड़ों समर्थकों का नाम शामिल हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि आज भारत की सैन्य, आर्थिक और संस्कृति क्षमता का लोहा पूरा विश्व मान रहा है और इसके सूत्रधार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है लेकिन दूसरी तरफ देश में वे लोग हैं जो अपना भ्रष्टाचार छिपाने और अपनी लूट को बचाने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सबने देखा कि कैसे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में एक-दूसरे के गले मिल रहे थे लेकिन पंजाब में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे थे। जैसे ही चुनाव खत्म हुआ दिल्ली के अंदर भी इनका गठबंधन टूट गया है। दिल्ली की जनता समझ चुकी है कि आम आदमी पार्टी का असली चरित्र क्या है। इसलिए अब देश में सिर्फ देशप्रेम की भावना की सरकार ही चलेगी।
परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सभी को विश्वास दिलाया कि हमारे परिवार में हमेशा आपको अपनापन लगेगा और भाजपा जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, उसका देश और समाज की सेवा ही लक्ष्य रहा है।उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर अब आम आदमी पार्टी की चरित्र जगजाहिर है और भ्रष्टाचार एवं लूट की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी के अपने ही लोग आज उनसे लगातार अलग हो रहे हैं आर पार्टी अपनी राजनीतिक पतन की ओर लगातार अग्रसर है।
आम आदमी पार्टी के ऊपर बोलने की स्वतंत्रता ना होने का आरोप लगाते हुए नितिन त्यागी ने कहा कि आजकल पार्टी के भीतर सच बोलना भी पार्टी विरोधी गतिविधि बन गया है।”आप” के दिल्ली संयोजक गोपाल राय पर कटाक्ष करते हुए श्री त्यागी ने कहा कि पार्टी की बुनियादी नींव पारदर्शिता को नष्ट करना पार्टी विरोधी गतिविधि है। उन्होंने कहा कि मैंने एक्स (सोशल मीडिया) पर एक वीडियो पोस्ट से आम आदमी पार्टी को उसकी सच्चाई से परिचय कराया जो उन्हें पसंद नहीं आया।
उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे का आंदोलन समाज के कल्याण के लिए था लेकिन जब अरविंद केजरीवाल का अभी का आंदोलन निजी स्वार्थ के लिए है। निर्भया कांड के साथ खड़ी हुई पार्टी जब अपने ही एक सीनियर सांसद के साथ दुर्व्यवहार करने लगे तो उसके खिलाफ आवाज उठाने पर मुझे सस्पेंड किया गया।