मदन लाल खुराना के जन्म जयंति पर तमाम भाजपा नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की

आज  मदन लाल खुराना की कल्पनासे आई मेट्रो दिल्ली ट्रैफिक को कम करने की सबसे बड़ी वजह बनी है – बी.एल. संतोष

मुझे स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी के साथ काम करने का मौका मिला और हम सब जानते हैं कि वह दिल्ली वालों के दर्द को भली-भांति समझते थे – वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री  मदन लाल खुराना की जन्मजयंती के मौके पर आज एनडीएमसी कन्वेक्शन सेंटर में आयोजित भजन संध्या एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री  बी एल संतोष, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित भाजपा के सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारीयों सहित कई नेताओं ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री  हर्ष मल्होत्रा, सांसद  मनोज तिवारी,  रामवीर सिंह बिधूड़ी एवं सुश्री बांसुरी स्वराज, नेता प्रतिपक्ष  विजेन्द्र गुप्ता, विधायक अजय महावर एवं  मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व राज्यपाल  जगदीश मुखी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अख्तार नकबी, पूर्व सांसद डॉक्टर हर्षवर्धन,  रमेश बिधूड़ी एवं  मीनाक्षी लेखी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  आदेश गुप्ता एवं  विजय गोयल, वरिष्ठ नेता मूलचंद चावला,  वेदव्यास महाजन,  सुभाष आर्या, सुभाष सचदेवा, प्रदेश महामंत्री  विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह एवं मंत्री  इम्प्रीत सिंह आदि सम्मलित हुए।

दिल्ली भाजपा के मंत्री  हरीश खुराना एवं वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर द्वारा संयोजित कार्यक्रम में  मदनलाल खुराना जी की पत्नी श्रीमती राज खुराना ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

बी एल संतोष ने  मदन लाल खुराना को याद करते हुए कहा कि  मदन लाल खुराना जी एक ऐसे शख्सियत थे जिन्होंने ना दिल्ली के दर्द को ना सिर्फ समझा बल्कि उसका समाधान करने का भरपूर प्रयास किया।1993 में जब दिल्ली का ट्रैफिक शायद आज की तुलना में 25 फीसदी भी नहीं हुआ होगा उस वक्त ही उन्होंने दिल्ली मेट्रो लाने के अलावा कई फ्लाईओवर बनवाने का काम किया।आज श्री मदन लाल खुराना की कल्पना से आई मेट्रो दिल्ली ट्रैफिक को कम करने की सबसे बड़ी वजह बनी है। उन्होंने कहा कि जब हम सफदरजंग से एम्स की ओर जाते हैं तो उस फ्लाईओवर पर चढते वक्त भी हमें श्री मदनलाल खुराना जी की याद आती है।

उन्होंने  कहा कि  मदन लाल खुरानाजी ने दिल्ली में 11 चुनाव लड़े और 10 चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। इसलिए आप भी समझ सकते हैं कि दिल्ली के अंदर 10 चुनाव जीतना अपने आप में बड़ी बात है।उन्होंने कहा कि  पाकिस्तान से सबकुछ छोड़कर यहां आना अपने आप में बड़ी चुनौती थी और उस चुनौती का सामना करते हुए उन्होंने सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि भारत को आगे बढ़ाने के लिए काम किया। कई अलग अलग महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके श्री मदन लाल खुराना जी ने अपने जीवन के लगभग 45 वर्ष जनसेवा को दिये।

श्री संतोष ने कहा कि दिल्ली के अंदर मदन लाल खुराना जी ने लगातार काम किया और आज अगर हम साफ पानी भी पीते हैं तो उस वक्त हमें मदन लाल खुराना जी की याद आती है। चाहे जनसंघ हो, जनता पार्टी हो या फिर भारतीय जनता पार्टी हो, हर वक्त उन्होंने पार्टी का नेतृत्व किया लेकिन कभी भी अपने विचारों के साथ समझौता नहीं किया। एक निगम पार्षद से लेकर राजस्थान के राज्यपाल तक के पदों पर पदासीन रहे श्री मदन लाल खुराना आज दिल्ली में हम सभी के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है।

उन्होंने कहा कि आज जितना दिल्ली उनके लिए कृतज्ञ है उतना ही कृतज्ञ देश भी उनके लिए है। क्योंकि मदन लाल खुराना ने एक-एक बूथ पर व्यक्ति विशेष की पहचान करना और उस वक्त चुनाव को जितना बहुत मुश्किल है। इसलिए उनके पदचिन्हों पर चलकर हम अगर आगे बढ़ते हैं तो आने वाले विधानसभा चुनाव में जीतना हमारे लिए मुश्किल नहीं होगा।

स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी को याद करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी के साथ काम करने का मौका मिला और हम सब जानते हैं कि वह दिल्ली के दर्द को भली-भांति समझते थे। आज जो हम दिल्ली देख रहे हैं आज दिल्ली के अंदर जो मेट्रो देख रहे हैं वह मदनलाल खुराना जी की देन है।

आज जो दिल्ली की स्थिति पिछले 10 साल से देख रहे हैं उससे काफी दर्द हो रहा है और साथ ही यह वह दिल्ली नहीं है जिसकी कल्पना भाजपा ने की थी या फिर जिस सोच के साथ स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी ने दिल्ली को आगे लेकर जाने का संकल्प लिया था। अब दिल्ली की जनता ने भी मन बना लिया है कि दिल्ली को लूटने वालों की जरूरत नहीं बल्कि दिल्ली को संवारने वाला चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button