दिल्ली भाजपा ने “आप” एवं कांग्रेस पर आरोप पत्र जारी किया
“कांग्रेस और आप लूट में भागीदार” यह टाइटल दोनों पार्टियों में बिल्कुल सटीक बैठती है – वीरेन्द्र सचदेवा
कांग्रेस ने घूटने टेकते हुए आम आदमी पार्टी के साथ लूट का बंधन किया है – वीरेन्द्र सचदेवा
टुकड़े-टुकड़े गैंग को समर्थन देना, देश के टुकड़े करने वालों के साथ हाथ मिलाना आम आदमी पार्टी के चरित्र को इस आरोप पत्र में बताया गया है – वीरेन्द्र सचदेवा
यह आप और कांग्रेस दोनों को बेनकाब करने वाला दस्तावेज है- विजेन्द्र गुप्ता
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं आरोप पत्र समिति के अध्यक्ष विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने आज संयुक्त प्रेसवार्ता कर दिल्ली भाजपा का आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस पर आरोप पत्र जारी किया।
प्रेसवार्ता में मीडिया प्रमुख एवं आरोप पत्र समिति के सदस्य प्रवीण शंकर कपूर ने कहा की आज दिल्ली में एक कलंकित सरकार है जिससे सब शर्मसार हैं।उनके साथ आरोप पत्र समिति के अन्य सदस्यों प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा, प्रदेश मंत्री हरीश खुराना, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह, उपनेता नगर निगम जयभगवान यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रीति अग्रवाल एवं पार्टी नेता गुलशन विरमानी का परिचय कराया जिनके सकारात्मक योगदान से इस आरोप पत्र को तैयार किया गया है। प्रेसवार्ता में मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल भी उपस्थित थे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि “कांग्रेस और आप लूट में भागीदार” यह टाइटल दोनों पार्टियों पर बिल्कुल सटीक बैठती है। पिछले 9 सालों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने किस प्रकार से दिल्ली को लूटने का काम किया है, किस प्रकार से दिल्ली में भ्रष्टाचार का शासन चला है, दंगाईयों को सम्मान देने का काम चला है और जिस प्रकार से कांग्रेस ने घूटने टेकते हुए आम आदमी पार्टी के साथ लूट का बंधन किया है, इन सभी बिंदुओं पर आरोप पत्र में विस्तृत रुप से चर्चा की गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में शरोब घोटाला ही केजरीवाल सरकार का एक घोटाला नही है, कोविड में दिल्ली की जनता त्रस्त थी उस वक्त अरविंद केजरीवाल ,मनीष सिसोदिया और संजय सिंह शराब घोटाले में पैसे कमाने की योजना बना रहे थे।आरोप पत्र में मुख्यमंत्री के शीश महल की जिक्र होने के साथ ही स्वास्थ्य घोटाला, शिक्षा घोटाला, पैनिक बटन घोटाला, ट्रांसपोर्ट घोटाले की भी चर्चा है। दिल्ली में एक भी राशन कार्ड नहीं बना।
उन्होंने कहा कि वृद्धों का पेंशन रोकने जैसे अनेको घोटाले आम आदमी पार्टी सरकार ने किये हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग को समर्थन देना, देश के टुकड़े करने वालों के साथ हाथ मिलाने के आम आदमी पार्टी के चरित्र को इस आरोप पत्र में बताया गया है। उन्होंने कहा कि महिला के साथ अभद्रता करने वालों को शह दिया जा रहा है। इनके विधायक जितेन्द्र तोमर फर्जी डिग्री में पकड़े गए, संदीप कुमार जिसने महिला के साथ अभद्रता की, असीम खाँ रिश्वत के आरोप में, अमानतुल्लाह खान जो आतंकी गतिविधियों में लिप्त है, सत्येन्द्र जैन जो अभी भी मनी लॉड्री के आरोप में जेल में है, सोमनाथ भारती जिनपर घरेलू हिंसा का आरोप है, ऐसे लोगों की पूरी एक लिस्ट है।
उन्होंने कहा कि इनकी ही पार्टी के महिला सांसद के साथ मुख्यमंत्री आवास पर अभद्रता हुई और उसको करने वाले विभव कुमार को कल लखनऊ में केजरीवाल के साथ देखा गया तो आज पंजाब में। हमें इस बात की शंका है कि उन्हें पंजाब में पनाह दी जा सकती है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मांग की कि जिस व्यक्ति के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की गई है उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई हो।
विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कोविड काल को याद करते हुए कहा कि आरोप पत्र लोगों को याद दिलाता है कि कैसे आप सरकार ने अपनी सस्ती राजनीति के लिए महामारी काल को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज़ उस तरीके को प्रस्तुत करता है जिससे दिल्ली के लोगों को आप सरकार द्वारा पैदा की गई कृत्रिम ऑक्सीजन की कमी के कारण परेशानी हुई।उन्होंने कहा कि आरोप पत्र में उच्च न्यायालय की टिप्पणी, समाचारों की सुर्खियां और अन्य सबूत शामिल हैं जो आप सरकार की आपराधिक उपेक्षा और कुप्रबंधन के पैमाने को उजागर करते हैं।
विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आरोप पत्र में भाजपा ने इस बात पर प्रकाश डाला है कि किस तरह से आप सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और जनता के पैसे की खुली लूट कर रही है। इसका अधिकांश वरिष्ठ नेतृत्व शराब घोटाले में या तो जेल में है या जमानत पर है। सीएम अरविंद केजरीवाल को एक्साइज पॉलिसी घोटाले का किंगपिन बताया गया है. उनके डिप्टी मनीष सिसोदिया सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिलने के कारण एक साल से जेल में हैं, जबकि आप के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन भी पिछले 2 साल से गिरफ्तार हैं। सीएम केजरीवाल के 45 करोड़ रुपये के ‘शीश महल’ पर भी एक खंड है और साथ ही AAP मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ यौन उत्पीड़न, बलात्कार, जबरन वसूली, भ्रष्टाचार, संपत्ति की जबरन जब्ती, फर्जी डिग्री, घरेलू हिंसा और अन्य के गंभीर मामलों का विवरण है। स्वास्थ्य और शिक्षा में आप के खराब ट्रैक रिकॉर्ड और राजधानी में किसी भी तरह के विकास कार्य में बाधा डालने की कोशिश को भी उजागर किया गया है।