वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर आप विधायकों के कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन अभियान शुरू किया
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कृष्णा नगर विधायक बग्गा के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज सीएम अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायकों के कार्यालयों पर प्रदर्शनों की एक श्रृंखला शुरू की।उन्होंने पूर्वी दिल्ली में कृष्णा नगर विधायक कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

जबकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्वी दिल्ली के शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता संजय गोयल, डॉ. अनिल गुप्ता, संदीप कपूर, डॉ. अनिल गोयल आदि मौजूद रहे।
मयूर विहार जिला भाजपा अध्यक्ष विजेंद्र धामा ने पटपडगंज विधायक मनीष सिसोदिया के कार्यालय पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जबकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने त्रिलोकपुरी, कोंडली और जंगपुरा में विधायक कार्यालयों पर भी प्रदर्शन किया।
चांदनी चौक जिला भाजपा अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह के साथ स्थानीय पार्षद विकेश सेठी ने मॉडल टाउन में विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी के कार्यालय पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ईदगाह में बल्लीमारान विधायक और राजपुर रोड पर चांदनी चौक विधायक के कार्यालयों पर प्रदर्शन किया।केशवपुरम के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने वज़ीरपुर विधायक कार्यालय पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जबकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने त्रिनगर, शकूरबस्ती और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्रों में विधायक कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी को दिल्ली में शासन करना है तो अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना होगा। आम आदमी पार्टी के नेताओं की ऐसी कौन सी मजबूरी है कि उन्हें एक भ्रष्ट व्यक्ति को अपना मुख्यमंत्री मानना पड़ रहा है?उन्होंने कहा कि जेल में बंद शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी पार्टी के मुंह से संविधान की बात अच्छी नहीं लगती।
श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्लीवासी अरविंद केजरीवाल की सरकार से निराश हैं और वे यह सुनिश्चित करेंगे कि केजरीवाल को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़े और आप विधायकों के दफ्तरों पर प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा।