केन्द्र सरकार की 962 करोड़ रुपए की विकास योजना का श्रेय लेने का प्रयास है केजरीवाल सरकार की 900 करोड़ की योजना- दिल्ली भाजपा

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल सरकार एक छलावा सरकार है जो पूरी दिल्ली की ही तरह दिल्ली देहात की जनता का भी विश्वास खो चुकी है और अब जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा कि अपने लगभग दस वर्ष के शासन में अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली देहात के विकास की पूरी तरह उपेक्षा की।

दिल्ली देहात की जनता की मांग पर दिल्ली भाजपा ने और 360 गांव की पंचायत ने लम्बा संघर्ष किया और अंततः गत वर्ष प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की ग्रामोदय योजना के अंतर्गत उपराज्यपाल  विनय कुमार सक्सेना ने डी.डी.ए. के माध्यम से दिल्ली देहात के लिए 962 करोड़ रूपए की विकास योजना स्वीकृत करवाईं।

केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत राशि के अंतर्गत अनेक विकास परियोजनाओं की कागज़ी प्रशासनिक स्वीकृति कार्य भी लोकसभा चुनाव पूर्व पूर्ण हो गया था और अब आगामी एक माह में लगभग सभी परियोजनाएं ना सिर्फ स्वीकृत हो जायेंगी बल्कि अधिकांश पर कार्य भी जुलाई तक शुरू हो जायेगा।

केन्द्र सरकार द्वारा दिल्ली देहात के विकास की चिंता का परिणाम है कि 2022 के नगर निगम चुनाव में दिल्ली देहात के अधिकांश निगम वार्डों में और 2024 के लोकसभा चुनाव में अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों जनता ने भाजपा को जिताया।उन्होंने कहा  कि दिल्ली देहात में 962 करोड़ रूपए की केन्द्रीय विकास योजनाओं के शीघ्र प्रारम्भ होने की जानकारी पाते ही बौखलाई अरविंद केजरीवाल सरकार ने उसे अपनी योजना बता कर झूठा श्रेय लेने का छलावा रचा है।

उन्होंने कहा कि मंत्री गोपाल राय भली भांति जानते हैं कि स्वयं उपराज्यपाल ग्रामीणों से विकास परियोजनाओं पर चर्चा कर चुके हैं और दिल्ली के निवर्तमान सांसद जिलाधिकारियों के साथ एक एक दिन का ग्रामीण प्रवास कर परियोजनाएं बना चुके हैं और जिन 1387 प्रस्तावों का जिक्र गोपाल राय ने किया है वह सांसद एवं जिलाधिकारी ग्रामीण प्रवास में एकत्र हुए थे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल सरकार अब दिल्ली की जनता को और नहीं छल सकती और जनवरी 2025 के विधानसभा चुनाव भाजपा के पक्ष मे एकतरफा परिणाम देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button