बजट सत्र के लिए दिल्ली विधानसभा तैयार – अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता

24 मार्च को पेश होगा बजट

# दिल्ली विधानसभा में पहली बार होगा ‘वंदे मातरम’ का लाइव गायन
# सदन में राष्ट्रीय गौरव की झलक पेश करेगा स्क्रीन डिस्प्ले
# विधायी शोध के लिए अपना ‘एआई चैटबॉट’ लॉन्च करने वाली देश की पहली विधानसभा बनेगी दिल्ली
नई दिल्ली।दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज आठवीं विधानसभा के चौथे सत्र के दूसरे भाग (बजट सत्र) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी बजट सत्र संसदीय परंपराओं की श्रेष्ठता का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना और सार्थक चर्चा सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक चलने वाले इस सत्र के लिए अध्यक्ष ने सदन के भीतर परिचालन और प्रक्रियात्मक पहलुओं का व्यापक निरीक्षण किया, ताकि कार्यवाही सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सके।
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि सत्र की तैयारियों के बीच तकनीकी आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। विधायी कार्यों को डिजिटल बनाने की दिशा में सभी माननीय सदस्यों की मेजों पर टैबलेट लगाए गए हैं, जिससे उन्हें सदन की कार्यवाही, आधिकारिक दस्तावेजों और विधायी कार्यों तक वास्तविक समय (रियल-टाइम) में पहुंच प्राप्त होगी। इसके साथ ही, सदन के राष्ट्रीय चरित्र को और मजबूती देने के लिए सत्र की शुरुआत में एक प्रख्यात गायक द्वारा ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण गायन लाइव गाया जाएगा। इस दौरान सदन की स्क्रीन पर भी वंदेमातरम गीत की  पंक्तियाँ प्रदर्शित की जाएगी ताकि राष्ट्रीय भावना और सामूहिक चिंतन का वातावरण निर्मित हो सके।
दिल्ली विधानसभा देश की पहली ऐसी विधानसभा बनने जा रही है जो सदस्यों की सहायता के लिए अपना इन-हाउस एआई-सक्षम चैटबॉट ‘विधान साथी’ पेश करेगी। यह एआई प्लेटफॉर्म सदस्यों के लिए एक समर्पित विधायी अनुसंधान सहायक के रूप में कार्य करेगा, जो विधेयकों, अधिनियमों और नीतिगत मामलों के विश्लेषण में डेटा-आधारित सटीक जानकारी प्रदान करेगा। इस तकनीक के माध्यम से सदस्य विधायी कार्यों में अधिक स्पष्टता और गहराई के साथ भाग ले सकेंगे, जो भारतीय विधायी इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस  महत्वपूर्ण सत्र का मुख्य आकर्षण 24 मार्च 2026 को प्रस्तुत होने वाला वार्षिक बजट होगा। यह सत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के शासन और विकास की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण वित्तीय और नीतिगत निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने सुरक्षा, विधायी और तकनीकी टीमों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि लोकतंत्र के इस मंदिर में चर्चा का स्तर उच्चतम बना रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button