दिल्ली में होगा 22वां कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन –  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी,35 से अधिक देशों के खिलाड़ी लेंगे भाग

# दिल्ली सरकार विज़न 2036 ओलंपिक्स के तहत राजधानी में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएँ और उत्कृष्ट आयोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 

# यह चैम्पियनशिप भारत के उभरते हुए टेबल टेनिस खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी-  आशीष सूद 
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय से 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 (CTTC 2026) की आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री आशीष सूद जी, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के चेयरमैन श्री विवेक कोहली, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के सलाहकार बृजेश माथुर, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के उपाध्यक्ष राजीव दुग्गल, दिल्ली स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता, दिल्ली स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन के महासचिव बलबीर सिंह तथा द्रोणाचार्य अवॉर्डी संदीप गुप्ता सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
दिल्ली सरकार एवं टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के संयुक्त सहयोग से आयोजित होने वाली यह चैम्पियनशिप राजधानी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की वापसी का प्रतीक मानी जा रही है। इस प्रतियोगिता में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका, त्रिनिदाद एंड टोबैगो सहित 35 से अधिक कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। यह अब तक आयोजित होने वाले सबसे बड़े कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस संस्करणों में से एक माना जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के रोमांचक मुकाबले आयोजित होंगे, जिनका समापन 2 अगस्त को भव्य फाइनल मुकाबलों के साथ होगा। आने वाले समय में टिकटिंग, स्वयंसेवकों की भागीदारी और विस्तृत मैच शेड्यूल से संबंधित जानकारियाँ भी जारी की जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करती रही है और अब कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप का आयोजन राजधानी को वैश्विक खेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, सुचारु व्यवस्थाएँ और उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्यागराज स्टेडियम इस चैम्पियनशिप का मुख्य प्रतियोगिता और समारोह केंद्र होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्टेडियम खिलाड़ियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिल्ली की मेजबानी क्षमता, आधुनिक बुनियादी ढांचे और खेल संस्कृति को भी वैश्विक स्तर पर भी प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार विज़न 2036 ओलंपिक्स के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खेलों के बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को देश की प्रमुख “स्पोर्ट्स कैपिटल” के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों से न केवल दिल्ली की वैश्विक खेल पहचान मजबूत होगी, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और भागीदारी भी बढ़ेगी।
श्री सूद ने आगे कहा कि यह चैम्पियनशिप भारत के उभरते हुए टेबल टेनिस खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। साथ ही भारतीय टीम घरेलू मैदान पर मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी, जिससे देश के खिलाड़ियों का मनोबल और आत्मविश्वास और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button