रेखा दीक्षित, श्रवण दीक्षित, सुशील तिवारी, क्षमा अग्रवाल ने हजारों समर्थकों के साथ वीरेंद्र सचदेव और हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव और पूर्वी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्र की मौजूदगी में, आज पूर्व आम आदमी पार्टी पार्षद रेखा दीक्षित, उनके पति “आप” कृष्णा नगर के संयोजक श्रवण दीक्षित, कांग्रेस नेता सुशील तिवारी और 2022 के निगम चुनावों की स्वतंत्र प्रत्याशी क्षमा अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और पूर्वी दिल्ली से सांसद प्रत्याशी हर्ष मल्होत्र ने आज अन्य पार्टियों से आये नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा का पटका ओढ़ाकर भाजपा में शामिल किया। आज भाजपा में शामिल होने वाले राजीव शर्मा, वीरेंद्र अग्रवाल, शाहीना बेगम, तबस्सुम बेगम, रुकसाना, रामजा, और अन्य प्रमुख थे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता शुभेंदु शेखर अवस्थी, शाहदरा जिला अध्यक्ष संजय गोयल, परिषद सदस्य योगेश वर्मा, और अन्य पार्टियों से भाजपा में नए आगंतुकों के लिए समिति के सह-प्रमुख, मिसेज आरती मेहरा मौजूद थे।इस मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से आए सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से सभी को बताना चाहते हैं कि दिल्लीवालों से मिल रहे भाजपा प्रत्याशियों के प्यार और आशीर्वाद के कारण हम सातों सीटें जीतने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज को जोड़ना और प्रगति के रास्ते पर समाज के सभी वर्ग को लेकर एक साथ चलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति है और इसी नीति को अपनाकर दिल्ली के सातों सीटों पर हम कमल खिलाएंगे। देश के अंदर नरेन्द्र मोदी के प्रति समर्थन की हवा चल रही है और दिल्ली उससे अछूता नहीं है। आज जो साथी भाजपा में शामिल हो रहे हैं वे सभी चुनाव लड़ चुके हैं और उनके साथ लोगों का अच्छा समर्थन रहा है। इसलिए इनके आने से भाजपा और मजबूत होगी।
सांसद प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज जिन लोगों ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है उनसे जब हमारी बातचीत हुई तो उन्होंने बताया कि देश के आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर और उनके विकास कार्यों के कारण हम सभी ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में उनका दम घुटता रहा है क्योंकि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार की कारखाना है तो कांग्रेस में किसी भी समान्य कार्यकर्ता को बोलने तक की आजादी नहीं है।